1000 sq ft छत में कितना सरिया लगेगा?
हमारे उदाहरण में 40 × 25 फ़ीट की छत, दोनों तरफ़ 10 mm सरिया 6 इंच पर, बीम के ऊपर का सरिया और लैप-कटिंग के लिए 10%: लगभग 1,314 kg। मेन सरिया 12 mm हो तो लगभग 1,403 kg। आपके नक्शे का साइज़ और दूरी इसे बदलते हैं; ऊपर का कैलकुलेटर उन्हें लेता है।
क्या छत के लिए 4 kg प्रति sq ft सही है?
नहीं। बिल्ट-अप एरिया पर 3.5 से 5 kg प्रति sq ft पूरे RCC मकान का हिसाब है, नींव से छत तक। अकेली छत हमारे उदाहरण में लगभग 1.3 से 1.4 kg प्रति sq ft आई, ऊपर की परत समेत।
लेंटर में कितने mm का सरिया लगता है?
मकान की छत आम तौर पर 10 mm और 12 mm में बनती है, कभी डिस्ट्रीब्यूशन 8 mm का। IS 456 सरिया को छत की मोटाई के आठवें हिस्से तक सीमित करता है, यानी 125 mm की छत में 15 mm। साइज़ आपका नक्शा बताएगा। पूरे मकान के लिए: कहाँ कितने mm का सरिया।
सरिया 6 इंच पर या 8 इंच पर?
जो नक्शे में लिखा है। साधारण मकान की छत में कोड की आख़िरी सीमा मेन सरिया के लिए 300 mm और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए 450 mm है, और नक्शे इनसे काफ़ी अंदर रहते हैं। सरिया के बीच हर इंच बढ़ाने का मतलब छत में कम सरिया, इसलिए साइट पर दूरी कभी न बढ़ाएँ।
12 मीटर के कितने सरिया, कितने बंडल?
कुल मीटर को 12 से भाग देकर ऊपर की ओर पूरा कीजिए। पहले हिसाब में 10 mm के 178 सरिया; दूसरे में 12 mm के 58 और 10 mm के 107। बंडल में सरिया की गिनती साइज़ और कंपनी से बदलती है, इसलिए हम तौले हुए kg पर बिल बनाते हैं। हमारी गिनती: बंडल में कितने सरिया।
छत के लिए कितना बाइंडिंग तार लगेगा?
आम चलन है हर टन सरिया पर 8 से 12 kg, यानी हमारी जैसी 1000 sq ft की छत में लगभग 11 से 17 kg। सरिया पास-पास हो तो क्रॉसिंग ज़्यादा और तार ज़्यादा। ज़्यादा जानकारी: बाइंडिंग तार कितना लगेगा।
बीम के ऊपर अलग से सरिया क्यों लगता है?
बीम या दीवार के ऊपर छत उल्टी झुकती है, इसलिए वहाँ ऊपर की सतह खिंचती है। ऊपर की तरफ़ चेयर पर टिका सरिया यह खिंचाव सँभालता है। यह छोड़ दिया, या ढलाई में पैरों से दब गया, तो छत पर बीम की लाइन के साथ दरारें खुलती हैं।